तो आज इस मुकाम पर नहीं होते इमरानः सलमान

रविवार, 2 अगस्त 2009

भले ही इमरान हाशमी फ्लैट न मिलने की वजह मुसलमान होने को बता रहे हों, लेकिन सलमान खान इससे इत्तेफाक नहीं रखते। इस मामले पर सल्लू ने कहा कि अगर धर्म के आधार पर देश के लोग कुछ फैसला करते तो इमरान हाशमी की आज जो हैसियत है, वह शायद नहीं होती। आमिर, शाहरुख और सलमान का भी शायद कोई अस्तित्व नहीं होता।
सलमान ने कहा कि ऐसी घटनाएं व्यक्ति के अपने व्यक्तित्व के आधार पर हो सकती हैं, न कि इस वजह से अमुक व्यक्ति किसी विशेष धर्म संप्रदाय से ताल्लुक रखता है। हालांकि सलमान मानते हैं कि कुछ जगहों पर धर्म के आधार पर भेदभाव होता है। उन्होंने कहा कि बांद्रा की निबाना कमिटी से मेरी अपील है कि वह इमरान को एनओसी दे दे।
गौरतलब है कि इमरान हाशमी ने आरोप लगाया था कि जब वह पाली हिल के नजदीक निबाना कोऑपरेटिव सोसाइटी में घर की तलाश में पहुंचे, तो वहां के पदाधिकारियों ने कहा कि आप कहीं और देख लें। इमरान मानते हैं कि सोसाइटी उन्हें घर बेचने के लिए सिर्फ इसलिए राजी नहीं है, क्योंकि वह मुस्लिम हैं। इस मामले से बिफरे इमरान ने राज्य के माइनॉरिटी कमिशन में भी शिकायत दर्ज कराई थी।

0 टिप्पणी:

एक टिप्पणी भेजें